अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल श्री हरिमंदिर साहिब माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर लिए गए एक्शन को लोकतंत्र का कत्ल बताया। सुखबीर बादल ने कहा कि कांग्रेस से उनके विचार नहीं मिलते। कांग्रेस ने पंजाबियों पर कई जुल्म किए, लेकिन इसके बावजूद वह कहेंगे, राहुल गांधी पर हुआ एक्शन लोकतंत्र का कत्ल है। इससे जनता में गलत संदेश जाता है।
बीते दिनों पंजाब में आए तूफान और बवंडर से पंजाब के किसानों को काफी नुकसान हुआ है। सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब के किसानों की 50 से 60 प्रतिशत फसल खराब हो गई है। भगवंत मान को कम से कम 50 हजार रुपए प्रति एकड़ के अनुसार मुआवजा देना चाहिए। पिछले दो फसलों नर्मे व धान की फलस भी खराब हुई थी। भगवंत मान अनाउंस कर देते हैं, लेकिन पैसे नहीं आते। उन्हें बयान की जगह तुरंत पैसे देने चाहिए। किसानों के पास अब पैसे नहीं हैं। मुआवजे के बाद ही वे अपनी अगली फसल बीज सकेंगे। भगवंत मान सरकार को केंद्र से बात करके इसे नेशनल क्लाइमिटी घोषित करके फंड लाने चाहिए।
सुखबीर बादल ने आरोप लगाए हैं कि भगवंत मान को सरकार चलाना नहीं आ रहा। स्टेज पर परफॉर्मेंस देना और सरकार चलाना अलग-अलग बाते हैं। आम आदमी पार्टी को लगता है कि सरकार बना ली, अब कुछ करने की जरूरत नहीं है। इनके विधायक भी कोई परवाह नहीं करते। फसल खराब होने के बाद वह पंजाब के कई जगहों पर होकर आए हैं, लेकिन एक भी आप विधायक किसानों को नहीं मिल कर आया।