हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित चिंतपूर्णी में 4 नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बना लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों की ओर से बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट भी की गई। बदमाश 1 लाख 9 हजार की नगदी और 6 लाख के गहनों के साथ दोनों बुजुर्ग दंपतीयों के मोबाइल भी लेकर फरार हो गए। मारपीट के चलते दोनों बुजुर्गों को गंभीर चोटें भी लगी हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। और बाद में अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार जौडबड बाजार में सड़क के किनारे बुजुर्ग रिटायर मास्टर तीर्थ राम का मकान है। वह अपनी धर्मपत्नी के साथ मकान में रहते हैं। शनिवार रात करीब 2 बजे खिड़की की ग्रिल तोड़कर 4 नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल हुए। इस दौरान चारों ने सो रहे बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाया और उनके साथ मारपीट भी की।
कुछ ही देर में बदमाश घर से 1 लाख 9 हजार रुपए नगदी और 6 लाख के गहने सहित दोनों बुजुर्ग दंपती का मोबाइल लेकर फरार हो गए। मामले की पुष्टि देहरा डीएसपी विशाल वर्मा ने की। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार रात की है। नकाबपोश लुटेरे घर में घुसे और बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर उनसे 7 लाख की लूट की।