राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म होने के बाद कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी बीच इंदौर में कांग्रेसियों का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने जहां कई जगह इसके विरोध में पोस्टर लगाए, वहीं कांग्रेस रीगल तिराहे पर प्रदर्शन भी करने जा रही है।
सोमवार सुबह शहर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने पोस्टर लगा कर अपना विरोध जताया। शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल और सूचना अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया कि राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने 2 साल की सजा सुनाई, 1 महीने का समय भी दिया। मगर भाजपा ने ऊपरी अदालत में अपील करने के लिए दिए गए 1 महीने के समय को भी दर किनार करते अडानी मुद्दे को उठाने पर प्रधानमंत्री की नाराजी के चलते उनकी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी। इसके विरोध में आज शहर में रीगल, राजवाड़ा, छावनी में कांग्रेस ने लगाए अनोखे पोस्टर लगाए, जिसमें अडानी को अलादीन बताया और भाजपा को चिराग का जिन्न। पोस्टर पर लिखा है कि अडानी चिराग से निकले जिन्न जो की भाजपा सरकार है उसे कह रहे है कि जाओ राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त कर दो। वहीं भाजपा रूपी जिन्न कहता है जो हुकुम मेरे आका।
इधर, सोमवार सुबह कांग्रेस शहर के रीगल तिराहे पर प्रदर्शन करने जा रही है। जिसमें बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी कांग्रेसजन से की है। प्रदर्शन को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। मंच से ही कांग्रेस नेता अपनी अपनी बात रखेंगे और विरोध जताएंगे।