मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी के साथ मथुरा में गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने पत्नी साधना सिंह के साथ करीब 5 किमी. पैदल चलने के बाद 16 किमी की परिक्रमा ई-रिक्शा से पूरी की। इसके बाद उन्होंने वृंदावन पहुंचकर बांके बिहारी के दर्शन किए।
शनिवार को देर शाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मथुरा पहुंचे। आगरा के खेरिया हवाई अड्डे से सड़क मार्ग से मथुरा होते हुए गोवर्धन पहुंचे मुख्यमंत्री की आईजी, डीएम, एसएसपी ने अगवायी की। गोवर्धन के विधायक मेघ श्याम सिंह ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
गोवर्धन पहुंचे मुख्यमंत्री कुछ देर होटल में रुकने के बाद परिक्रमा के लिए रवाना हो गए। अपने काफिले के साथ वह राधा कुंड पहुंचे। उन्होंने पहले पूजा की ओर उसके बाद पैदल परिक्रमा शुरू की।
सीएम शिवराज सिंह चौहान की पत्नी पहले ही गोवर्धन पहुंच गई थी। महिला मंडल के साथ गोवर्धन आई साधना सिंह ने शनिवार शाम को गोवर्धन की परिक्रमा शुरू की। राधा कुंड पहुंच कर उन्होंने पति शिवराज सिंह चौहान के साथ परिक्रमा की।गोवर्धन में दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना सिंह के साथ भगवान बांके बिहारी जी के दर्शन किए। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
बांके बिहारी जी के दर्शन करने के बाद सेवायत ज्ञानेंद्र गोस्वामी ने उनको भगवान का अंग वस्त्र और प्रसाद भेंट किया। मनोकामना पूरी होने का आशीर्वाद दिया। दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री भोपाल जाने के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हो गए।
बांके बिहारी जी के दर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि भगवान सब पर कृपा की बरसात करें। राधे कृष्ण भगवान, बांके बिहारी जी सब पर कृपा करें। सभी निरोग हों, सभी सुखी हों,सभी का मंगल हो सभी का कल्याण हो यही कामना की है।