संसद के दोनों सदनों में लगातार दूसरे दिन भी विपक्ष ने हंगामा किया। जिसके बाद लोकसभा-राज्यसभा को पहले दोपहर दो बजे तक बाद में बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले सोमवार को भी सदन हंगामे की भेंट चढ़ गया था।
सदन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में कांग्रेस सांसद की उपस्थिति सांसदों की औसत उपस्थिति से बहुत कम है। फिर भी विदेशों में जाकर वो कहते हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। उन्होंने देश का अपमान किया है इसलिए उन्हें संसद में माफी मांगनी चाहिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए ठाकुर ने कहा कि, भारत एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। भारत G20 सम्मेलन की अध्यक्षता भी कर रहा है। ये सभी चीजें भारत की प्रगति को दिखाते हैं। पर दूसरी ओर राहुल गांधी भारत को अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सरकार संसद नहीं चलाना चाहती। क्या ऐसा कभी देखा गया है कि सत्ताधारी दल के सभी सदस्य संसद को रोकने के लिए हंगामा करते हों? राहुल गांधी को माफी क्यों मांगनी चाहिए? इसके बजाय, केंद्र को माफी मांगनी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी राहुल का बचाव किया। शशि थरूर बोले कि, राहुल ने कैंब्रिज में ऐसा कुछ नहीं कहा जिसके लिए उन्हें माफी मांगने की जरूरत हो। उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। प्रधानमंत्री ने विदेशों में राहुल से कहीं ज्यादा बढ़कर बयान दिए हैं। विदेशों में इस तरह की चर्चाओं की शुरुआत भाजपा ने की है, कांग्रेस ने नहीं।