हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सैशन आज से शुरू हो गया है। राष्ट्रगान से सदन की कार्यवाही को शुरु किया गया। सत्र के आरम्भ में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपने मंत्रियों का परिचय दिया। उसके बाद सदन में पूर्व मंत्री मनसा राम के देहांत पर शोक वक्तव्य किया।
17 मार्च को मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगे। यह बजट 29 मार्च को पारित किया जाएगा। राज्य की 14वीं विधानसभा का यह दूसरा सत्र होगा। यह बजट सत्र 6 अप्रैल को संपन्न होगा।
सत्र के पहले ही दिन हंगामे के आसार हैं। विपक्ष की ओर से सरकारी संस्थानों को बंद करने और अन्य मामलों में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। पहले दिन प्रश्नकाल के शुरू होते ही विपक्ष हंगामा कर सकता है। प्रश्नकाल में संस्थानों को बंद करने, डॉक्टरों की भर्ती, सड़कों की बदहाली जैसे मसलों पर सवालों के जवाब मांगे जाएंगे।
पहले दिन उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश जल विद्युत उत्पादन पर जल उपकर विधेयक 2023 को सदन में पेश करेंगे। जिसे आगामी दिनों में पारित किया जाएगा। इसके बाद नियम 130 के तहत भाजपा विधायक जीत राम कटवाल ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर बने घरों और गोशालाओं को नियमित करने का प्रस्ताव रखेंगे। कांग्रेस विधायक इंद्रदत्त लखनपाल प्रदेश की वन संपदा को आग, बाढ़ और भूस्खलन से बचाने के बारे में प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। सदन में वित्तीय वर्ष 2022-23 में बढ़े बजट की प्रतिपूर्ति के लिए अनुपूरक अनुदान मांगों की प्रथम और अंतिम किस्त का भी प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
बता दें कि सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपनी पुरानी ऑल्टो कार में विधानसभा पहुंचे। सीएम को अपनी पुरानी कार में देखकर यहां तैनात पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। विधानसभा परिसर में पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।